अवैध हूटर और फर्जी सरकारी पहचान के सहारे VIP बनने की कोशिश पड़ी भारी, ऑपरेशन प्रहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
केदारनाथ धाम यात्रा में वीआईपी बनने का सपना लेकर पहुंचे एक वाहन चालक की हकीकत उस समय सामने आ गई,
जब रुद्रप्रयाग पुलिस की सघन चेकिंग में उसका फर्जी रुतबा ध्वस्त हो गया।
वाहन पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखकर और अवैध हूटर लगाकर यात्रा मार्ग पर
धौंस जमाने की कोशिश कर रहे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया।
चारधाम यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वालों और
अवैध वीआईपी संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सोनप्रयाग क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगी मिली स्कॉर्पियो
पुलिस ने चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका।
वाहन पर ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगी हुई थी और उसमें अवैध हूटर भी लगाया गया था।
पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान वाहन में मौजूद कोई भी व्यक्ति खुद को
सरकारी अधिकारी या नेम प्लेट से जुड़े किसी वैध पद से संबंधित साबित नहीं कर पाया।
वहीं हूटर लगाने की भी कोई वैध अनुमति नहीं मिली।
VIP सुविधा पाने के लिए किया जा रहा था दुरुपयोग
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान विशेष सुविधाएं हासिल करने, चेकिंग से बचने
और आम लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए फर्जी तरीके से सरकारी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन से अवैध हूटर और फर्जी नेम प्लेट हटाकर जब्त कर ली।
साथ ही स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत मौके पर ही सीज कर दिया गया।
एसपी ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है।
फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर नियमों को ताक पर रखकर विशेषाधिकार हासिल करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ऑपरेशन प्रहार रहेगा जारी
रुद्रप्रयाग पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत फर्जी पहचान, अवैध हूटर, नियम विरुद्ध वाहन संचालन और अन्य अनियमितताओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सभी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या फर्जी पहचान का उपयोग करने से बचें।















Leave a Reply