पुलों के ऑडिट से लेकर घाटों के सुंदरीकरण तक सख्त निर्देश
कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में बने सभी पुलों का अनिवार्य रूप से तकनीकी ऑडिट कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
साथ ही हरिद्वार के सभी घाटों का सुंदरीकरण एवं आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
अक्टूबर तक हर हाल में पूरी हों तैयारियां
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण और व्यवस्थागत कार्य अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि कुंभ से जुड़ी कोई भी फाइल या कार्य शासन स्तर पर लंबित नहीं रहना चाहिए।
लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
तकनीकी अधिकारियों की तत्काल नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेला क्षेत्र के लिए आवश्यक तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके।
स्वच्छता, शौचालय और पेयजल पर विशेष जोर
कुंभ मेला क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर मुख्यमंत्री ने विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। सभी प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कुंभ मेला-2027 का भव्य, दिव्य और सफल आयोजन सुनिश्चित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और यादगार अनुभव मिल सके।
















Leave a Reply