रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

खनन वाहनों की बेलगाम रफ्तार से युवक की मौत, शव रखकर सड़क पर धरना

काशीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

खनन सामग्री से लदे वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन किया।

देर रात तक चले हंगामे के बीच नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे और लोगों को अपना समर्थन दिया।

कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक में हुए इस हादसे ने एक बार फिर खनन वाहनों की बेलगाम रफ्तार और ओवरलोडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, वैसे ही आक्रोशित लोग सड़क पर बैठ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष, प्रशासन को सुनाई खरी-खोटी

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने।

देर शाम नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी धरना स्थल पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही मौतों के बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

‘सात दिन में पांच मौतें, फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं’

यशपाल आर्य ने कहा कि बीते सात दिनों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार खनन वाहनों से लगातार जानें जा रही हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर खनन कारोबार फल-फूल रहा है।

पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

कई घंटों के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

ट्रक ने मारी थी पीछे से टक्कर, गुस्साए लोगों ने ट्रक को फूंका

गौरतलब है कि बीते दिन खनन सामग्री से लदे एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने स्थिति को संभाला, लेकिन देर शाम एक बार फिर हालात बिगड़ गए।

घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में खनन माफिया, प्रशासनिक लापरवाही और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://regionalreporter.in/kumbh-mela-2027/
https://youtu.be/YqmyQUT-vwc?si=7TTkAu3Q2aVTGpE8
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *