उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा 70 में से 57 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
साथ ही उन्होंने नैनीताल जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भी भाजपा की जीत का दावा किया।
हरेला महोत्सव में सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
रविवार को नैनीताल में आयोजित हरेला महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक पर्व है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं
को घर-घर तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके लिए प्रदेशभर में नगर निकायों और जिलों का दौरा कर 150 से अधिक सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
देहरादून में कांग्रेस की रैली के दौरान एक नेता द्वारा महिलाओं पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है, जबकि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के सम्मान के प्रति नकारात्मक रहा है।
उन्होंने राहुल गांधी के देहरादून कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान
एक कांग्रेस कार्यकर्ता की दुर्घटना में मौत हो गई थी, इसके बावजूद आयोजन जारी रखा गया।
उनके अनुसार, पार्टी चाहती तो कार्यक्रम स्थगित या स्थानांतरित कर सकती थी।
नैनीताल नगर पालिका मामले की होगी जांच
नैनीताल नगर पालिका की बोर्ड बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी द्वारा कुछ सभासदों पर अधिकारियों को
ब्लैकमेल करने के आरोपों को लेकर मंत्री ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिली है।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी।
पीसीएस स्तर के अधिकारी से जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी।
टोल टैक्स टेंडर और प्रवेश शुल्क पर बड़ा बयान
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यदि नगर पालिका ने बोर्ड की सहमति के बिना टोल टैक्स टेंडर प्रक्रिया पूरी की है,
तो उसे निरस्त किया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बाहरी दोपहिया वाहनों पर लगाया गया 100 रुपये का प्रवेश शुल्क सरकार पहले ही समाप्त कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करती है और जनहित सर्वोपरि है।
ठोस कचरा प्रबंधन पर सरकार का फोकस
मंत्री ने कहा कि नैनीताल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन बड़ी चुनौती बना हुआ है, क्योंकि शहर में डंपिंग जोन उपलब्ध नहीं है।
इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है।
इसके अलावा नगर पालिका की मांग पर जल्द ही दो नई कूड़ा संग्रहण गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
कुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में
हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और प्रमुख घाटों का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है।
उन्होंने बताया कि घाटों की संख्या 104 से बढ़ाकर 109 कर दी गई है। सभी अखाड़ों के साथ बैठकें पूरी हो चुकी हैं और पार्किंग व यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी कुंभ मेला श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक साबित होगा।
















Leave a Reply