रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

रामनगर देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ उत्तराखंड को मिली नई रेल सेवा

उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार रामनगर को राजधानी देहरादून से जोड़ने वाली सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत हो गई है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

सांसद अनिल बलूनी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं,

बल्कि कुमाऊं क्षेत्र के विकास, पर्यटन और रोजगार को नई रफ्तार देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन के बजाय छह दिन कराने और रामनगर से दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने के प्रयास भी तेज़ी से किए जाएंगे।

रेलवे स्टेशन पर दिखा उत्सव जैसा माहौल

रामनगर रेलवे स्टेशन पर नई रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और रेलवे अधिकारी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बढ़ेगा संपर्क

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और यह नई ट्रेन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस रेल सेवा की मांग कर रही थी, जो अब पूरी हो गई है।

इस ट्रेन से रामनगर, काशीपुर और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कंडी मार्ग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है

और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का समय और स्टॉपेज

नई रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से रवाना होकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद, हरिद्वार और देहरादून सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

नई रेल सेवा के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

https://regionalreporter.in/garhwali-film-dholi-wins-national-film-award-72nd-national-film-awards/
https://youtu.be/UVlHuYkotc4?si=K3dlMDrtXe5Xu3Z1
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *