देवप्रयाग की शिक्षिका की संदिग्ध मौत मामले में शासन का बड़ा फैसला
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में
हुई मौत के मामले में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रकरण की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (CB-CID) को सौंपने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।
अब मामले की नए सिरे से गहन और निष्पक्ष जांच की जाएगी।
विधायक विनोद कंडारी ने उठाई थी निष्पक्ष जांच की मांग
सृष्टि कंडारी की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने लगातार स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
इसी क्रम में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले को CB-CID को सौंपने का अनुरोध किया।
विधायक ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है।
उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी हुए जांच के आदेश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने गृह सचिव को तत्काल CB-CID जांच के आदेश जारी करने के निर्देश दिए।
शासन का मानना है कि संवेदनशील मामलों में स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच से सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल संभव होती है और जनता का विश्वास भी बना रहता है।
अब CB-CID पुलिस विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, गवाहों के बयान
और अन्य उपलब्ध तकनीकी पहलुओं की दोबारा समीक्षा करेगी।
आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों से पुनः पूछताछ भी की जा सकती है।
सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर उठ रहे थे सवाल
सृष्टि कंडारी की मौत के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे थे।
लोगों का कहना था कि घटना के हर पहलू की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी तरह की आशंका या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
इसी कारण मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग लगातार तेज हो रही थी।
विधायक ने जताया निष्पक्ष जांच पर भरोसा
CB-CID जांच के आदेश का स्वागत करते हुए विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जांच एजेंसी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरे मामले की जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जानिए क्या है पूरा मामला
सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी,
जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सृष्टि स्वयं सरकारी शिक्षिका थीं।
परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद सृष्टि को ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था
और दहेज को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे। उनका दावा है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर सृष्टि ने आत्महत्या कर ली।
मामले में सृष्टि की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब CB-CID जांच के आदेश के बाद मामले की विस्तृत और नए सिरे से जांच होगी।















Leave a Reply