तोता घाटी के पास राजस्थान के यात्रियों की कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद कार में सवार एक व्यक्ति लापता है।
हादसा उस समय हुआ, जब चार यात्री केदारनाथ से राजस्थान लौट रहे थे।
तोता घाटी के पास सभी लोग सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान तीन यात्री कार से बाहर उतर गए।
बताया जा रहा है कि कार ढलान पर खड़ी थी। तीन लोगों के बाहर निकलने के बाद कार अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी।
देखते ही देखते कार गहरी खाई में जा गिरी।
कार में मौजूद यात्री का नहीं मिला सुराग
हादसे के वक्त वाहन के अंदर 46 वर्षीय देवी लाल मौजूद थे। कार के खाई में गिरने के बाद से उनका पता नहीं चल पाया है।
वाहन में उनके अलावा पंकज कुमार, ईश्वर तेली और 17 वर्षीय लखन शाह भी सवार थे।
कार खिसकने के दौरान ये तीनों बाहर उतर चुके थे।
हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
टीमों ने खाई और नदी की ओर जाने वाले क्षेत्रों में तलाश शुरू की।
बारिश और कोहरे से रेस्क्यू में दिक्कत
लापता व्यक्ति की तलाश के दौरान मौसम ने रेस्क्यू टीमों की मुश्किल बढ़ा दी। क्षेत्र में लगातार बारिश और घना कोहरा छाया रहा।
इसके अलावा पहाड़ी ढलान और नदी के आसपास का दुर्गम इलाका भी सर्च ऑपरेशन में चुनौती बना हुआ है।
सुरक्षा कारणों से रात में अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
सुबह फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
लापता यात्री और वाहन की तलाश के लिए 6 सितंबर को दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया।
पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं।
रेस्क्यू टीम खाई के साथ नदी की दिशा में जाने वाले रास्तों और आसपास के संवेदनशील हिस्सों को भी खंगाल रही है। फिलहाल लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला है।
टनकपुर में नदी के दूसरी ओर फंसे तीन ग्रामीण भी बचाए
उधर, चंपावत के टनकपुर-छीनीगोठ क्षेत्र में हुड्डी नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ग्रामीण दूसरी ओर फंस गए।
ग्रामीण पशुओं के लिए चारा लेने गए थे।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
















Leave a Reply