रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

उत्तराखंड में बाल वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू

10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

मुश्किल परिस्थितियों में अदम्य साहस और वीरता दिखाने वाले बच्चों को उत्तराखंड सरकार राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित करेगी।

इसके लिए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने आवेदन आमंत्रित किए हैं।

विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा के मुताबिक, पुरस्कार के लिए पात्र बच्चे 10 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाएगा, जिन्होंने किसी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में साहस और बहादुरी का परिचय दिया हो।

जानें कौन कर सकता है आवेदन

पुरस्कार के लिए आवेदक का उत्तराखंड का मूल या स्थायी निवासी होना जरूरी है।

वीरता का कार्य करने के समय बच्चे की उम्र छह वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम होनी चाहिए।

वीरता या साहस का कार्य आवेदन की अंतिम तिथि से पहले अधिकतम दो वर्ष की अवधि के भीतर किया गया होना चाहिए।

निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले बच्चे पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं।

एक घटना पर दोबारा नहीं मिलेगा पुरस्कार

विभाग के अनुसार, किसी एक घटना या एक ही साहसिक कार्य के लिए किसी बच्चे को एक से अधिक बार राज्य बाल वीरता पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।

यदि किसी घटना में वीरता दिखाने वाले बच्चे की मृत्यु हो जाती है, तो यह पुरस्कार उसके माता-पिता को प्रदान किया जाएगा।

विभाग ने पात्र बच्चों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

https://youtu.be/a3bQYGDBUrw?si=Md1DCR7nKPHFOCbu
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *