तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की चेतावनी, पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार सुबह राज्य के
नौ जिलों के लिए अगले तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई स्थानों पर तेज से
बहुत तेज बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
इन जिलों में रहेगा मौसम का ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और
उत्तरकाशी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली चमकने
की संभावना जताई गई है।
चारधाम मार्ग सहित कई क्षेत्रों में बरतें सावधानी
विभाग ने गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, देवप्रयाग, कर्णप्रयाग, सोनप्रयाग, थराली, मसूरी, लैंसडाउन, रानीखेत, कौसानी,
चौखुटिया, द्वाराहाट, रुड़की और लक्सर समेत आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के
कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदी-नालों और भूस्खलन
संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही
आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की
राज्य में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा
प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
















Leave a Reply