27 अप्रैल से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
श्रीनगर गढ़वाल स्थित Hemvati Nandan Bahuguna Garhwal University ने
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (UET) की अधिसूचना जारी कर दी है।
विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों तथा 50 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में प्रवेश के लिए यह परीक्षा अनिवार्य होगी।
इस परीक्षा के माध्यम से बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., एम.पी.एड., बी.लिब., एम.लिब., एल.एल.बी. सहित समस्त स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
27 अप्रैल से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एम.ए., एम.एससी.,
एम.कॉम., एम.सी.ए., एम.टेक., एम.फार्मा, एमएसडब्ल्यू, एलएलबी, एलएलएम, बी.एड., एम.एड.,
बी.पी.एड., एम.पी.एड., बी.लिब., एम.लिब. और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में
प्रवेश के लिए 27 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
निर्धारित आवेदन शुल्क के साथ आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 रखी गई है।
एनईपी 2020 के तहत शुरू होंगे एक वर्षीय पीजी कोर्स
विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए
आगामी सत्र से अपने परिसरों में एक वर्षीय स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम भी शुरू किए हैं।
इन पाठ्यक्रमों में वही अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे, जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक (ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च) कार्यक्रम पूरा किया हो।
इसे उच्च शिक्षा को अधिक लचीला और शोध-उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
MCQ आधारित होगी प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा पूरी तरह बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) आधारित होगी। अधिकांश पाठ्यक्रमों के लिए 100 प्रश्न होंगे,
जबकि बी.एड. कार्यक्रम के लिए 200 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं।
प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा और परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन नहीं होगा।
सामान्य पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा अवधि 2 घंटे तथा बी.एड. के लिए 3 घंटे निर्धारित की गई है।
समर्थ पोर्टल से होगा आवेदन
प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क ₹1000 तथा आरक्षित वर्ग के लिए ₹500 निर्धारित किया गया है।
एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है।
प्रवेश परीक्षा केंद्र श्रीनगर (गढ़वाल), टिहरी, पौड़ी, देहरादून, ऋषिकेश और रुड़की में बनाए जाएंगे।
मेरिट और सीट उपलब्धता के आधार पर होगा चयन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होना प्रवेश की गारंटी नहीं है।
अंतिम चयन मेरिट, सीटों की उपलब्धता और अन्य पात्रता शर्तों के आधार पर किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना
विवरणिका को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।

















Leave a Reply