खेत में पानी डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद बना जानलेवा
देहरादून जिले के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैरागीवाला गांव में शनिवार शाम खेत में पानी डालने को लेकर शुरू हुआ
विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मारपीट में गंभीर घायल व्यक्ति ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार दो पक्षों के बीच कुलावे से खेत में पानी डालने को लेकर कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोग बेलचा और हथौड़ा लेकर दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान विनोद नामक व्यक्ति के सिर पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में घायल चार लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। वहीं
अशोक, सुषमा और राजेश कुमार का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे,
जिनमें से एक की मौत हो गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश जारी है।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक Munna Singh Chauhan भी बैरागीवाला पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की और पुलिस प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
मृतक के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
उनका कहना है कि घटना के दिन पैसे देने के बावजूद माहौल बिगाड़ा गया और उनके बेटे पर हमला किया गया।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की है।
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैरागीवाला और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों को
जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















Leave a Reply