रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

श्रीनगर में बाइक-स्कूटी की भिड़ंत: गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीकोट पुलिस चौकी के पास रविवार रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हो गए।

दुर्घटना में महिला के गर्भ में पल रहे करीब 35 सप्ताह यानी आठ माह के शिशु की मौत हो गई। वहीं, दो घायलों के पैर में फ्रैक्चर आया है।

हादसा श्रीकोट पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर पहले हुआ।

बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रही बाइक और स्कूटी अचानक आपस में टकरा गईं।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश असवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अल्ट्रासाउंड में नहीं मिली गर्भस्थ शिशु की धड़कन

अस्पताल पहुंचने के बाद गर्भवती महिला का तत्काल अल्ट्रासाउंड कराया गया।

जांच में गर्भस्थ शिशु की धड़कन कम पाई गई। इसके बाद सोमवार को दोबारा अल्ट्रासाउंड किया गया।

दूसरी जांच में चिकित्सकों ने करीब 35 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि की।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नवज्योति बोरा के अनुसार, हादसे के दौरान महिला सड़क पर पेट के बल गिरी थी।

इससे गर्भस्थ शिशु को गंभीर चोट पहुंचने की आशंका है।

महिला की अन्य आवश्यक जांचें की जा रही हैं। चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद मृत शिशु को बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

दो घायलों के पैर में फ्रैक्चर

हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव नौडियाल ने बताया कि घायल कृष राणा के पैर और जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर है।

उसका ऑपरेशन किया जाना है।

वहीं, हरीश के पैर में भी हल्का फ्रैक्चर बताया गया है। अभिषेक के चेहरे पर चोट आई है।

हादसे में गर्भवती महिला के पैर में भी चोट लगी है।

CCTV में कैद हुआ हादसा

हादसे का घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुआ है।

सामने आए फुटेज में सड़क पर एक बोलेरो खड़ी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि बोलेरो की पार्किंग लाइट या इंडिकेटर चालू नहीं थे।

ऐसे में सड़क पर खड़े वाहन की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसकी गलती थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस को अभी नहीं मिली तहरीर

श्रीकोट पुलिस चौकी प्रभारी राजेश असवाल ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://regionalreporter.in/roorkee-ganesh-chaturthi-mela-youth-injured/
https://youtu.be/y9QpImppl2I?si=LNEPkkoQ89lTVP56
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *