गंभीर हालत में AIIMS रेफर
गणेश चतुर्थी मेले के दौरान गणेशपुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,
जब एक युवक ने कथित तौर पर खुद को चाकू से घायल कर लिया।
गर्दन पर चोट लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर
गंगनहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मेले में अचानक घायल हुआ युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने मेले में लगी एक दुकान से चाकू खरीदा था।
इसके कुछ देर बाद उसने खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक ने अपना नाम अरमान और पता मजदूर बस्ती, दिल्ली बताया है।
घटना के संबंध में वह तत्काल अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं था।
पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया
युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया।
पुलिसकर्मी उसे अपने वाहन से सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में गर्दन की श्वास नली और प्रमुख नसों को गंभीर नुकसान नहीं होने की जानकारी सामने आई।
हालांकि, युवक की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर कर दिया।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने का इंतजार कर रही है।
अधिकारी के मुताबिक, युवक की स्थिति बेहतर होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
इसके आधार पर घटना के कारणों और पूरे मामले की आगे जांच की जाएगी।















Leave a Reply