सीने में दर्द की शिकायत के बाद बिगड़ी हालत
देहरादून निवासी 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग के बाद मौत का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शांति विहार, कौलागढ़ निवासी लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहा था।
इसी दौरान मूल्यगांव क्षेत्र के पास संचालित एक बंजी जंपिंग केंद्र पर पहुंचकर उसने जंपिंग करने की इच्छा जताई।
जंपिंग के बाद सीने और पेट में दर्द की शिकायत
परिजनों की सहमति मिलने के बाद लक्ष्य ने बंजी जंपिंग की। बताया गया कि गतिविधि
पूरी होने के बाद उसने सीने और पेट में तेज दर्द की शिकायत की।
इसके साथ ही उसे सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। परिजन उसे पास के एक लॉज में आराम के लिए ले गए, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कुछ देर बाद युवक बेहोश हो गया, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने उसे पुनर्जीवित करने के प्रयास भी किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
चिकित्सकों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बंजी जंपिंग के तुरंत बाद युवक को शारीरिक परेशानी शुरू हो गई थी।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सीय परीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस को मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।















Leave a Reply