NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक बड़ी चूक सामने आई है।
महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र को जारी किए गए नए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत की बजाय
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया।
इस घटना ने परीक्षा प्रबंधन और केंद्र आवंटन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागपुर की जगह मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र
जानकारी के अनुसार छात्र को पहले नागपुर के सरस्वती विद्यालय में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था।
लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही पुनर्परीक्षा के लिए जारी नए एडमिट कार्ड में उसका परीक्षा केंद्र बदलकर अबू धाबी इंडियन स्कूल कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि आवेदन के दौरान छात्र ने पहली पसंद नागपुर, दूसरी वर्धा और तीसरी भंडारा चुना था।
ऐसे में विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित होना हैरान करने वाला है।
परिवार ने NTA से की शिकायत
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि उनके बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं है और परीक्षा से एक दिन पहले विदेश भेजना संभव नहीं है।
एडमिट कार्ड देखने के बाद परिवार ने तत्काल NTA हेल्पलाइन से संपर्क किया।
परिवार के अनुसार, हेल्पलाइन अधिकारियों ने इसे संभावित तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि मानते हुए
मामले की जांच कर संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने बताया गंभीर चूक
महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया है।
उन्होंने कहा कि NTA को तुरंत छात्र को नागपुर या किसी नजदीकी शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक छात्र की समस्या नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता से जुड़ा मामला है।
NTA ने री-एग्जाम के लिए किए हैं कड़े इंतजाम
NTA के मुताबिक, पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
परीक्षा सामग्री को GPS युक्त वाहनों के माध्यम से पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
इसके अलावा प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन और रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं।
21 जून को होगी NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा
NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी।
इसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
NTA ने अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।















Leave a Reply