नेशनल हाईवे-109 पर हुआ दर्दनाक हादसा
नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में नेशनल हाईवे-109 पर तेज रफ्तार केंटर और बाइक की भीषण टक्कर में एक
युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई,
जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रॉन्ग साइड से आ रहे केंटर से हुई टक्कर
पुलिस के अनुसार लालकुआं निवासी सिद्धार्थ और उसका दोस्त अयान देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार केंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक आग की लपटों में घिर गई।
घर का इकलौता बेटा था सिद्धार्थ
घटना के बाद दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 12वीं कक्षा के छात्र सिद्धार्थ को मृत घोषित कर
दिया। सिद्धार्थ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके दादा लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं,
जबकि उसके पिता सामाजिक कार्यकर्ता और जूडो-कराटे प्रशिक्षक हैं। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
दोस्त अयान की हालत गंभीर
हादसे में घायल अयान का अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाजार से वापस घर लौट रहे थे,
तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।















Leave a Reply