दिल्ली और देहरादून से बढ़ी कनेक्टिविटी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।
जल्द ही पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून के बीच सप्ताह में तीन दिन के बजाय पांच दिन नियमित हवाई सेवा संचालित की
जाएगी। फ्लाइट संचालन करने वाली एयरलाइन के अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नई व्यवस्था लागू होगी।
यात्रियों की बढ़ती मांग के चलते लिया गया फैसला
वर्तमान में पिथौरागढ़ से दिल्ली और देहरादून के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ानें संचालित हो रही हैं।
लगातार बढ़ती यात्री संख्या और लगभग हर उड़ान के फुल रहने के कारण उड़ानों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इससे सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस बार किराया भी रहेगा यात्रियों के अनुकूल
इससे पहले भी कुछ समय के लिए सप्ताह में पांच दिन उड़ान सेवा शुरू की गई थी,
लेकिन अतिरिक्त दिनों का किराया अधिक होने के कारण यात्रियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि नई व्यवस्था में किराया भी आम यात्रियों की पहुंच के अनुरूप रखा जाएगा,
जिससे अधिक लोग हवाई सेवा का लाभ उठा सकें।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय टोलिया ने बताया कि
सप्ताह में पांच दिन उड़ान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से पिथौरागढ़ में पर्यटन को नई गति मिलेगी और होटल, व्यापार तथा स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी।
गढ़वाल-कुमाऊं में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी
राज्य सरकार सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
पिथौरागढ़ के अलावा चिनियालीसौड़ और गौचर एयरपोर्ट से भी नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं पर काम
किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों से भी बातचीत जारी है।
















Leave a Reply