उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग में तोड़फोड़ और चोरी की
घटना से हड़कंप मच गया। बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों ने महिला शौचालय में घुसकर वॉश बेसिन तोड़ दिए और नलों की
टोंटियां व शीशे चोरी कर लिए। घटना का पता शनिवार सुबह तब चला, जब अस्पताल कर्मचारी ओपीडी पहुंचे।
महिला शौचालय में जमकर की तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार दून अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग के बी-ब्लॉक की दूसरी मंजिल स्थित महिला शौचालय को निशाना
बनाया गया। शरारती तत्वों ने कई वॉश बेसिन क्षतिग्रस्त कर दिए और उनमें लगी नलों की टोंटियां व शीशे उखाड़कर अपने
साथ ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। डिप्टी एमएस डॉ. वरुण मित्तल ने बताया कि मामले की
शिकायत पुलिस को दी जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की
जांच शुरू कर दी है।
असामाजिक तत्वों पर शक
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटना को किसी मरीज ने अंजाम दिया या फिर कोई
नशे का आदी व्यक्ति अस्पताल परिसर में घुसा था। सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था की गई सख्त
घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुरक्षाकर्मियों को 24 घंटे निगरानी रखने और संदिग्ध लोगों
पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पताल आने वाले लोगों से सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की
अपील भी की गई है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
दून अस्पताल के आसपास नशे के आदी असामाजिक तत्वों की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन हजारों मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं, जिससे हर व्यक्ति पर नजर रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना
हुआ है। फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।















Leave a Reply