रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का डीएम स्वाति भदौरिया ने किया निरीक्षण

एक माह में नाली निर्माण के निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण में मिलीं कई खामियां, सुरक्षा और गुणवत्ता पर डीएम ने दिखाई सख्ती

पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का

स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, मलबा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिली खामियों पर उन्होंने नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा

और पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बस अड्डे के पास एक माह में बनेगी नई नाली

निरीक्षण के दौरान पौड़ी बस अड्डे के समीप श्रीनगर रोड पर बरसाती पानी की निकासी के लिए बनी नाली की खराब स्थिति पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी जताई।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) को प्राथमिकता के आधार पर नई नाली का निर्माण कराने के निर्देश दिए।

विभाग ने आश्वस्त किया कि एक माह के भीतर नाली निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

भू-धंसाव की आशंका पर रोजाना निगरानी के निर्देश

नगर पालिका के सभासदों ने जिलाधिकारी को बताया कि बरसात में नाली जाम होने से पानी पौड़ी गांव की ओर बह जाता है,

जिससे कुछ मकानों के आसपास भू-धंसाव जैसी स्थिति बन रही है।

इस पर डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को कार्य की नियमित निगरानी करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सड़क पर मलबा मिला तो होगी कार्रवाई

हाईवे चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे पड़े पत्थरों और मलबे पर डीएम ने नाराज़गी जताई।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल मलबा हटाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि यदि अनुपयोगी मलबा

समय पर नहीं हटाया गया तो उसे अवैध भंडारण मानते हुए नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी।

गेबियन वॉल के बिना नहीं होगा मलबा डंप

जिलाधिकारी ने डंपिंग जोन का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि किसी भी नए डंपिंग जोन में गेबियन वॉल (सुरक्षात्मक दीवार) बनाए बिना मलबा नहीं डाला जाएगा।

साथ ही पहले से बनी गेबियन वॉल की मजबूती की जांच कर जहां जरूरत हो वहां तत्काल निर्माण शुरू करने को कहा।

श्रमिकों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर

डीएम ने पहाड़ी कटिंग के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने, ढलानों को सुरक्षित बनाने और कटिंग के साथ मलबा नियमित रूप से हटाने के निर्देश दिए।

साथ ही निर्माण कार्य में लगे सभी श्रमिकों को हेलमेट, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए।

रोडमैप तैयार करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना, समय-सीमा, गेबियन वॉल,

ब्लॉक टॉप और अन्य कार्यों का स्पष्ट रोडमैप शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तय समय में पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

https://youtu.be/UT6fvGg6OrQ?si=IqDzvuPl7FL7h6Yn
https://regionalreporter.in/it-srinagar-ratuda-disaster-victims-protest-ganesh-godiyal-kulsachiv-meeting/
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *