रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

बेटी की दोस्ती से नाराज पिता ने की 17 वर्षीय बेटी की हत्या

थाने पहुंचकर बोला- बेटी को मार दिया

एकता थाना क्षेत्र के पंचगाई खेड़ा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी।

आरोप है कि बेटी की गांव के एक युवक से दोस्ती थी। इसी बात को लेकर पिता नाराज था। दोनों के बीच पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था।

पहले सिर पर बांके से किया वार, फिर गला दबाया

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे लविष्का घर में बेड पर आराम कर रही थी।

इसी दौरान उसके पिता चंद्रवीर ने कथित तौर पर उस पर बांके से हमला कर दिया।

उसने बांके की धार वाले हिस्से की बजाय उल्टे हिस्से से बेटी के सिर पर वार किया।

हमले में लविष्का के सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा पिता

वारदात के बाद आरोपी पिता सीधे एकता थाने पहुंच गया। पुलिस के सामने उसने कथित तौर पर कहा कि उसने बेटी को मार दिया है और घर में शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर बेड से किशोरी का शव बरामद किया।

घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल बांका भी बरामद किया गया है।

दो दिन से बेटी को लेकर घर में चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, लविष्का इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसके भाई लवकुश गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता है।

मंगलवार शाम करीब सात बजे लविष्का घर से सामान लेने की बात कहकर निकली थी।

इसके बाद वह वापस नहीं लौटी थी। पिता ने थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।

रात करीब एक बजे लविष्का वापस घर पहुंच गई। इसके बाद पिता ने पुलिस को उसकी एक युवक से दोस्ती की जानकारी दी।

आरोप है कि युवक दूसरी जाति का होने के कारण पिता इस रिश्ते से नाराज था।

उसने बेटी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया।

मां बाजार गई थी, तभी हुई वारदात

बृहस्पतिवार दोपहर लविष्का की मां रजनी बाजार गई थीं। भाई भी गुरुग्राम में था। इसी दौरान घर में पिता और बेटी मौजूद थे।

शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद पिता ने बेटी पर हमला कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या के बाद भी नहीं दिखा पछतावा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बेटी की दोस्ती को लेकर नाराजगी जताई। उसने कथित तौर पर कहा कि उसे समाज में बदनामी की चिंता थी।

आरोपी ने यह भी कहा कि गुस्से में उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेटी खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां रजनी का रो-रोकर बुरा हाल था।

एक तरफ बेटी की मौत का सदमा था। दूसरी तरफ पति के जेल जाने की स्थिति ने परिवार को और तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मां को संभाला।

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर पिता ने उसकी हत्या की है। आरोपी हत्या की जानकारी देने खुद थाने पहुंचा था।

उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

https://regionalreporter.in/hnb-gu-hindi-month-general-knowledge-competition/
https://youtu.be/mkxRWaVVmdU?si=nzhs2HO75yq38bJr
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *