रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

उत्तराखंड में दिन में गर्मी, रातें होने लगीं सर्द

जल्द विदा हो सकता है मानसून

उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं।

इसके साथ ही मौसम में भी बदलाव नजर आने लगा है। दिन में तेज धूप के चलते गर्मी का अहसास हो रहा है,

जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रातें सर्द होने लगी हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।

वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।

पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के साथ हवाएं चलने से ठंड का अहसास मैदानी क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा बढ़ गया है।

25 सितंबर तक पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

इसके बाद मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। विभाग ने 25 से 30 सितंबर के बीच उत्तराखंड से मानसून की विदाई होने का अनुमान जताया है।

हालांकि सितंबर के बाकी दिनों में कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।

ऐसे में मानसून की विदाई से पहले बारिश के आंकड़ों में कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकता है।

बागेश्वर में सामान्य से 161 फीसदी ज्यादा बारिश

इस मानसून सीजन में प्रदेश में बारिश का वितरण एक समान नहीं रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 18 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक उत्तराखंड में औसतन 1159.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

सामान्य बारिश 1118.4 मिलीमीटर के मुकाबले यह चार फीसदी अधिक है।

जिलेवार आंकड़ों में बागेश्वर सबसे आगे रहा। यहां सामान्य 758.9 मिलीमीटर के मुकाबले 1982.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 161 फीसदी अधिक है।

अल्मोड़ा में 27, चमोली में 69, टिहरी में 28 और हरिद्वार में 14 फीसदी ज्यादा बारिश हुई।

पौड़ी में सामान्य से 45 फीसदी कम बारिश

दूसरी ओर पौड़ी गढ़वाल में बारिश की सबसे ज्यादा कमी दर्ज की गई।

यहां सामान्य 1226.6 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 675.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 45 फीसदी कम है।

चंपावत में सामान्य से 26, नैनीताल में 20, उत्तरकाशी में 14, रुद्रप्रयाग में सात और देहरादून में तीन फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।

वहीं पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में बारिश सामान्य के आसपास रही।

https://regionalreporter.in/iit-bombay-student-death-professor-fir/
https://youtu.be/1kYfFDB_4rQ?si=E4paUwwVVXhurSuU
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *