जानें मुकाबले और लाइव प्रसारण
एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक आगाज शनिवार, 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में होगा।
खेलों का समापन 4 अक्टूबर को निर्धारित है।
इस बार एशियन गेम्स में 43 खेलों के मुकाबले होंगे। कुल 469 पदकों के लिए खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। प्रतियोगिताएं 54 स्थानों पर आयोजित की जाएंगी।
हालांकि, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट और मॉडर्न पेंटाथलॉन जैसे कुछ खेलों के मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो चुके हैं।
501 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा भारत
भारत इस बार 501 खिलाड़ियों का दल एशियन गेम्स में भेज रहा है। भारतीय खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा लेंगे।
एथलेटिक्स में भारत के सबसे ज्यादा 73 खिलाड़ी शामिल हैं।
इसके बाद शूटिंग में 30, रोइंग में 22 और सेपक टकरॉ में 21 भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
बैडमिंटन और फेंसिंग में 20-20 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हॉकी, क्रिकेट और कबड्डी में भारत की पुरुष और महिला टीमें भी मैदान में उतरेंगी। भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स में 107 पदक जीते थे, जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
शूटिंग में मनु भाकर भारतीय चुनौती की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह 10 मीटर और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।
तीरंदाजी में धीरज बोम्मदेवरा, एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर और मुरली श्रीशंकर पर भी नजर रहेगी।
गुलवीर सिंह और एंसी सोजन भी अपनी स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।
बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी से भी भारतीय प्रशंसकों को उम्मीदें रहेंगी।
इसके अलावा पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, अमन सहरावत और अविनाश साबले भी भारतीय दल का हिस्सा हैं।
चोट के कारण नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा
भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लेंगे।
उन्हें टखने में लिगामेंट की चोट लगी है।
उनकी गैरमौजूदगी में रोहित यादव और यशवीर सिंह भारत की ओर से भाला फेंक स्पर्धा में उतरेंगे।
पाकिस्तान के अरशद नदीम और श्रीलंका के रुमेश पथिराज भी इस स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे।
भारतीय समय के हिसाब से कब होंगे मुकाबले?
जापान भारत से साढ़े तीन घंटे आगे है। ऐसे में कई मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह जल्दी शुरू होंगे।
रोइंग और शूटिंग की कई स्पर्धाएं सुबह होंगी। हॉकी के मुकाबले दोपहर के आसपास खेले जाएंगे। एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 23 से 29 सितंबर तक होंगी।
कुश्ती के मुकाबले 30 सितंबर से शुरू होकर चार दिन चलेंगे। तीरंदाजी में पदक मुकाबले 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होंगे।
कहां देख सकेंगे लाइव
भारत में एशियन गेम्स 2026 का टेलीविजन प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। ऑनलाइन मुकाबले सोनी लिव पर देखे जा सकेंगे।
उद्घाटन समारोह शनिवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। समारोह आइची-नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में मनु और तजिंदरपाल ध्वजवाहक
उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के ध्वजवाहक होंगे। मनु दो ओलंपिक पदक जीत चुकी हैं।
तजिंदरपाल सिंह तूर एशियन गेम्स में शॉटपुट के मौजूदा चैंपियन हैं। वह इस बार लगातार तीसरे एशियन गेम्स स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।


















Leave a Reply