रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी से टक्कर का मामला गरमाया

दूसरे पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप

श्रीनगर कोतवाली पहुंचा दूसरा पक्ष, चालक और वाहन में सवार युवक ने सुनाई आपबीती; पीआरओ समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी से टक्कर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एकतरफा दावे सामने आने के बीच अब दूसरा पक्ष भी अपनी शिकायत लेकर श्रीनगर कोतवाली पहुंचा है।

वाहन में सवार युवक और चालक ने विधायक पक्ष के लोगों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

दूसरे पक्ष ने बताई घटना की अलग कहानी

दूसरे पक्ष के मुताबिक, वे कीर्तिनगर से श्रीनगर की ओर आ रहे थे। पुल पार करने के बाद पीछे से

विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी आई और उनके वाहन को टक्कर मार दी।

वाहन में मौजूद रोहित महार ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया।

रोहित के मुताबिक, विधायक के पीआरओ मनीष चौहान और अन्य लोगों ने वाहन चालक साहिल राणा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

उन्होंने धमकी देने का आरोप भी लगाया।

30 से 40 हजार रुपये के नुकसान का दावा

रोहित महार का कहना है कि उनकी गाड़ी के पिछले हिस्से में काफी नुकसान हुआ है।

इसकी मरम्मत में करीब 30 से 40 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर विधायक ने उन्हें और उनकी गाड़ी को सीज करवाने की धमकी दी।

जिला अध्यक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

दूसरे पक्ष के साथ पहुंचे देवप्रयाग जिला अध्यक्ष उत्तम असवाल ने भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए।

उनका दावा है कि चालक साहिल राणा और रोहित नैथानी के साथ हाथापाई की गई और उन्हें जूते से मारा गया।

असवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर घटना का एक पक्ष सामने आया, जबकि दूसरे पक्ष की बात भी सुनी जानी चाहिए।

फिलहाल दूसरा पक्ष श्रीनगर कोतवाली में अपनी शिकायत लेकर पहुंचा है।

मामले में विधायक विनोद कंडारी और उनके पक्ष का विस्तृत बयान सामने आना बाकी है।

टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

https://regionalreporter.in/srinagar-power-cut-8-am-to-5-pm/
https://youtu.be/RnuNDQR0p58?si=AENu4m3omCI8kGhQ
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *