छात्रों को AI, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति का दिया संदेश
इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया (IGSI) गढ़वाल चैप्टर की ओर से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, डांगचोरा में
स्कूली विद्यार्थियों के लिए “कैरियर अवेयरनेस प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर
मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और भविष्य के रोजगार अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रो. एम.एम. सेमवाल ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
कार्यक्रम में गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग एवं आईजीएसआई गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. एम.एम. सेमवाल
ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा और देश के भविष्य दोनों के लिए
गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को भी नशा मुक्ति के प्रति
जागरूक करने का आह्वान किया।
करियर और उच्च शिक्षा के अवसरों पर हुआ मार्गदर्शन
गढ़वाल विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग एवं आईजीएसआई के सचिव प्रो. एस.सी. सती ने इंटरनेशनल गुडविल
सोसायटी ऑफ इंडिया की स्थापना, उद्देश्यों और समाज सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। वहीं फार्मेसी विभाग के डॉ. राम
साहू ने फार्मेसी क्षेत्र में रोजगार और उच्च शिक्षा की संभावनाओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इंजीनियरिंग, AI और साइबर सुरक्षा पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
ईसीई विभाग के डॉ. अरुण शेखर बहुगुणा ने इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों और नई तकनीकों से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा की।
आईटी विभाग के डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव पर व्याख्यान
देते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी।
कुलाधिपति का विशेष संदेश किया गया साझा
कार्यक्रम के दौरान आईजीएसआई के अध्यक्ष एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. योगेन्द्र
नारायण का विशेष संदेश भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया गया। उन्होंने छात्रों को ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ
आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भी कार्यक्रम की सराहना की।
“Know Today, Choose Tomorrow, Shape Your Future” रहा मुख्य संदेश
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “Know Today, Choose Tomorrow, Shape Your Future” रहा। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से
विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानाचार्य ने नियमित आयोजन का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सी.पी. देवली ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे
जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिव सिंह नेगी, एस.एस. चौधरी, डॉ. राम सिंह बिष्ट और आर.एस. बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















Leave a Reply