राजपुर क्षेत्र में पुलिस- बदमाश आमने-सामने, फायरिंग में आरोपी घायल, पिस्टल बरामद
राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है।
चेकिंग के दौरान मिली लोकेशन, जंगल में घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस को जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग के दौरान हत्याकांड में शामिल संदिग्धों की सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।
गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
बदमाश द्वारा फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।
चलती कार से फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत
गौरतलब है कि 30 मार्च की सुबह आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली मार दी थी।
उस समय वे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश था।
रेस्टोरेंट विवाद से शुरू हुआ था मामला
जांच में सामने आया है कि 29 मार्च की रात आरोपी कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे।
वहां खाने-पीने के बाद करीब 40 हजार रुपए का बिल बना, जिस पर उनका स्टाफ से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने बार स्टाफ के साथ मारपीट की
और फिर उनकी गाड़ी का पीछा करते हुए जोहड़ी गांव तक पहुंचे।
यहीं चलती कार से की गई फायरिंग में गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।
दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 9 तक पहुंची गिरफ्तारी संख्या
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
22 वर्षीय मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (मुजफ्फरनगर) और 21 वर्षीय शांतनु त्यागी (सहारनपुर) के रूप में हुई है।
इससे पहले भी पुलिस इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
फिल्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





















Leave a Reply