हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली से एक दुखद खबर सामने आई है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
वीर सोरेन का शव मनाली के सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे से बरामद किया गया, जहां वह अपने दो दोस्तों के साथ ठहरा हुआ था।
दोस्तों के साथ घूमने आया था मनाली, होम स्टे में मिला शव
पुलिस के अनुसार, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दोस्तों अग्नय वर्मा सहित अन्य के साथ मनाली पहुंचा था।
सभी दोस्त सिमसा इलाके के एक होम स्टे में रुके थे। 23 फरवरी को वे सोलंग वैली और सेथन क्षेत्र घूमने गए और शाम को वापस लौट आए।
अगले दिन 24 फरवरी को वीर सोरेन ने तबीयत ठीक न होने के कारण घूमने जाने से मना कर दिया।
सिर दर्द की शिकायत, दवा लेने के बाद सोया, फिर गिरने की आवाज
मृतक के साथ आए दोस्त अग्नय वर्मा ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे घूमकर कमरे में लौटे तो वीर सोरेन सो रहा था।
जगाने पर उसने तेज सिर दर्द की शिकायत की। इसके बाद साथियों ने दवा मंगवाकर उसे दी, जिसके बाद वह दोबारा सो गया।
करीब दो बजे कमरे से गिरने की आवाज आई, अंदर जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरा हुआ था।
अस्पताल ले जाते समय मुंह से निकलने लगा झाग
दोस्तों ने तुरंत वीर सोरेन को सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगा था।
डॉक्टरों ने अस्पताल में काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शरीर पर नहीं मिले बाहरी चोट के निशान, पोस्टमार्टम जारी
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मनाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएसपी बोले-पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
उन्होंने कहा कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
परिजन मनाली पहुंचे, रिपोर्ट का इंतजार
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सहित मृतक के अन्य परिजन मनाली पहुंच चुके हैं।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि वीर सोरेन की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सके।
















Leave a Reply