रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा, चीरबासा में पत्थर गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत

केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास रविवार शाम पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से बड़ा हादसा हो गया।

पत्थरों की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी

के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया। वहीं, मलबा और पत्थर गिरने से रास्ते में फंसे करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

चीरबासा में अचानक गिरे पत्थर

पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार, 27 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:39 बजे चीरबासा क्षेत्र में लैंडस्लाइड की

सूचना मिली। बताया गया कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की घटना हुई,

जिसकी चपेट में एक बच्चा आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, उम्र 5 वर्ष, निवासी एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पालकी से भैरव मंदिर पहुंचाया गया शव

घटना की सूचना मिलते ही मार्ग पर तैनात रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे के

शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।

लगातार बारिश के बीच चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

ऐसे में प्रशासन और रेस्क्यू टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी कर रही हैं।

मलबे से रास्ता हुआ बाधित, 1100 यात्रियों का रेस्क्यू

चीरबासा क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित हो गया।

इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने अभियान शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के

अनुसार, अब तक करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू

अभियान पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ चलाया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर

रखी जा रही है और यात्रियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

चीरबासा क्षेत्र में बारिश के बीच पत्थर गिरने और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

https://regionalreporter.in/pauri-srinagar-ki-peyjal-lain-tooti/
https://youtu.be/iBt4bZTkf7E?si=mRdQwpBPkcTj1Nek
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *