रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

कोटद्वार में कपड़े की दुकान के नाम को लेकर विवाद

FIR दर्ज; राहुल गांधी बोले: “दीपक भारत का हीरो”

दुकान के नाम से शुरू हुआ मामला अब बना राजनीतिक और प्रशासनिक चिंता

उत्तराखंड के कोटद्वार में एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद

अब स्थानीय स्तर से निकलकर राजनीतिक और प्रशासनिक चिंता का विषय बन गया है।

मामले में पुलिस ने दीपक कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की है,

वहीं कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दीपक का खुलकर समर्थन करते हुए उन्हें “भारत का हीरो” बताया है।

तीन अलग-अलग FIR, पुलिस ने जारी किया प्रेस नोट

पुलिस ने 1 फरवरी की रात जारी प्रेस नोट में बताया कि इस प्रकरण में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं—

  1. 30–40 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सार्वजनिक शांति भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस से धक्का-मुक्की के आरोप में मामला दर्ज।
  2. स्थानीय निवासी वकील अहमद की शिकायत पर गाली-गलौज और जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग को लेकर FIR।
  3. कमल पाल की शिकायत पर दीपक कुमार और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में केस।

पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।

क्या है पूरा मामला

घटना 26 जनवरी की है। कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द

को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई।

इसी दौरान दुकान संचालक से कहासुनी बढ़ गई।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता

एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार से उलझते हैं।

तभी खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने वाले युवक दीपक कुमार वहां पहुंचते हैं

और दुकानदार का पक्ष लेते हुए विरोध करते हैं।

इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और दीपक व उनके साथियों ने कार्यकर्ताओं को वहां से हटा दिया।

31 जनवरी को कोटद्वार में हंगामा, पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति

घटना के अगले दिन यानी 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से

बजरंग दल के कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंचे।

मालवीय उद्यान और पटेल मार्ग पर जमकर प्रदर्शन हुआ, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने दीपक कुमार और विजय रावत को एहतियातन कोतवाली में बैठाया

बाद में मुख्यमंत्री कार्यक्रम/सुरक्षा में तैनात अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाकर बाहर से आए प्रदर्शनकारियों को शहर से बाहर किया गया।

राहुल गांधी की एंट्री, दीपक को बताया ‘बब्बर शेर’

इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा-

“दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं। हमें और दीपकों की ज़रूरत है-जो झुकें नहीं, डरें नहीं और संविधान के साथ खड़े रहें। तुम बब्बर शेर हो।”

राहुल गांधी ने उत्तराखंड की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधते हुए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप लगाए।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, फ्लैग मार्च और वाहन जांच

विवाद के बाद कोटद्वार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

  • लगातार रात्रि फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं।
  • यूपी-उत्तराखंड सीमा पर कौड़िया चौकी के पास वाहनों की सघन जांच।
  • दो प्लाटून PAC की तैनाती।
  • खुफिया तंत्र को भी अलर्ट पर रखा गया है।

जमीअत उलेमा-ए-हिंद ने मांगी दीपक को सुरक्षा

जमीअत उलेमा-ए-हिंद, उत्तराखंड ने डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा देने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि 26 जनवरी को दीपक ने एक मुस्लिम दुकानदार की जान बचाई थी,

जिसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

कोटवाल प्रदीप नेगी ने कहा कि—

“बाहर से आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर सांप्रदायिक सौहार्द खराब नहीं होने दिया जाएगा।”

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से बातचीत के बाद सहमति बनी है कि दुकान का नाम ‘बाबा’ ही रहेगा और इसे लेकर आगे कोई प्रदर्शन नहीं होगा।

https://regionalreporter.in/the-dalai-lama-won-his-first-grammy-in-2026/
https://youtu.be/QgkIh8RrhhI?si=AgQsmE6VF2VNh41d
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *