तड़के लगी आग से इलाके में मची अफरा-तफरी
जनपद के ग्राम चकोन स्थित महावीर गंगाडी के पिरूल प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर सर्विस की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और फायर विभाग की टीम लगातार मौके पर मौजूद रही।
मशीन और पिरूल पाउडर जलकर राख
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार आग में प्लांट में लगी एक मशीन, बड़ी मात्रा में रखा पिरूल पाउडर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक प्लांट संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास के क्षेत्रों तक फैल सकती थी।
प्राथमिक जांच में आग लगने के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं,
लेकिन शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री के कारण आग फैलने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पहुंची टीम ने बड़े हादसे को टाल दिया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
















Leave a Reply