15 ब्लॉकों के युवाओं ने दिखाया हुनर
लोकगीत, लोकनृत्य समेत सात विधाओं में प्रतियोगिताएं, उत्कृष्ट महिला और युवक मंगल दलों को मिला विवेकानंद यूथ अवार्ड
जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
इसमें जिले के सभी 15 विकासखंडों के युवा लोक संस्कृति, कला और रचनात्मकता से जुड़ी सात विधाओं में प्रतिभा दिखा रहे हैं।
राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला,
ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।

सात विधाओं में प्रतिभा दिखा रहे युवा
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत पोखड़ा विकासखंड के दल के स्वागत गीत से हुई।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जाता है।
इसका उद्देश्य युवाओं को प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि विनोद सुयाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा पहचानने और निखारने का अवसर देते हैं।
उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने और रोजगार देने वाला बनने का प्रयास करने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है।
ऐसे मंच उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

महिला और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड
महोत्सव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया।
महिला मंगल दलों में पौड़ी विकासखंड के मासौं दल ने प्रथम, थलीसैंण के ग्वारी दल ने द्वितीय और यमकेश्वर के ताछला दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
युवक मंगल दलों में यमकेश्वर के नाद मल्ला दल ने प्रथम, पौड़ी के बड़गांव मल्ला दल ने द्वितीय और यमकेश्वर के बिथ्याणी दल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट,
भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मनोहर चमोली,
रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल, ओमपाल बिष्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के युवा कल्याण अधिकारी, प्रतिभागी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















Leave a Reply