रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

बागेश्वर की प्रेमा रावत का टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयन

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सुमटी गांव की रहने वाली क्रिकेटर प्रेमा रावत ने प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है।

दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज प्रेमा रावत का चयन टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है।

उनके चयन से पूरे गांव और प्रदेश में खुशी का माहौल है।

सुमटी गांव में जश्न, परिवार को दी बधाइयां

प्रेमा के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही सुमटी गांव में जश्न शुरू हो गया।

ग्राम प्रधान विमला देवी और ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर परिवार को मिठाई खिलाई और बधाई दी।

प्रेमा की मां बसंती देवी, भाई विमल रावत, दादी हरूली देवी और बुआ चंद्रा देवी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

घरेलू क्रिकेट से टीम इंडिया तक का सफर

24 वर्षीय प्रेमा रावत ने उत्तराखंड महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने उत्तराखंड की अंडर-19, अंडर-23 टीमों के साथ-साथ महिला घरेलू क्रिकेट

और डब्ल्यूपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया। अब वह विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।

भाइयों के साथ खेलते हुए सीखा क्रिकेट

प्रेमा ने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में प्राप्त की। बाद में उनका परिवार बरेली चला गया।

बचपन में भाइयों के साथ गली-मोहल्लों में क्रिकेट खेलते हुए उन्होंने इस खेल की बारीकियां सीखीं।

कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया।

मैदान के साथ गांव के कामों में भी माहिर

प्रेमा की मां बसंती देवी के अनुसार, क्रिकेट में बड़ी सफलता हासिल करने के बावजूद प्रेमा अपनी जड़ों से जुड़ी हुई हैं।

गांव आने पर वह घास काटने, खेतों में काम करने और पशुओं की देखभाल जैसे पारंपरिक कार्यों में भी हिस्सा लेती हैं।

परिवार के सहयोग ने दिलाई मंजिल

प्रेमा के भाई विमल रावत ने बताया कि परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया।

समाज की परवाह किए बिना माता-पिता और दादा-दादी ने उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया।

बरेली की भीषण गर्मी में भी वह घंटों मैदान में अभ्यास करती थीं, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।

खेल सुविधाओं को मजबूत करने की मांग

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश सिंह ने कहा कि प्रेमा की सफलता से क्षेत्र की बेटियों को नई प्रेरणा मिली है।

हालांकि गांव में खेल सुविधाओं की कमी अब भी चुनौती बनी हुई है।

उन्होंने प्रशासन और खेल विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।

बागेश्वर में मनाया गया जश्न

प्रेमा रावत के चयन पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर ने एसबीआई तिराहे पर आतिशबाजी कर खुशी मनाई और मिठाइयां बांटी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे बागेश्वर और उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

https://regionalreporter.in/banned-capsules-smuggling-muzaffarnagar-medical-store-owner-arrested/
https://youtu.be/UVlHuYkotc4?si=KKIpAt4NEBsgyREH
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *