रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

प्रेमनगर में गाड़ी हटाने को लेकर बवाल

डंडे से हमला और पिस्टल दिखाने पर 3 गिरफ्तार

प्रेमनगर में सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और हथियार दिखाने तक पहुंच गया।

हॉस्टल के पास हुए इस गाड़ी विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें बस चालक गौरव, फॉर्च्यूनर सवार नीरज राजपूत और मनीष नेगी शामिल हैं।

पुलिस ने नीरज के नाम की लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।

हॉर्न देने के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात प्रेमनगर क्षेत्र के एक हॉस्टल के पास मारपीट और हुड़दंग की सूचना मिली थी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में सड़क पर एक बस और फॉर्च्यूनर खड़ी दिखाई दी। दोनों वाहनों के पास दो लोग विवाद करते नजर आए।

एक व्यक्ति के हाथ में डंडा था, जबकि दूसरे के हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही थी।

जांच में डंडा लिए व्यक्ति की पहचान झाझरा निवासी गौरव के रूप में हुई।

पूछताछ में उसने बताया कि वह निजी शिक्षण संस्थान की बस चलाता है।

रात में मांडूवाला जाते समय हॉस्टल के पास फॉर्च्यूनर सड़क पर हाई बीम लाइट के साथ खड़ी थी।

गौरव के मुताबिक, हॉर्न देने के बावजूद वाहन नहीं हटाया गया।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पहले डंडा चला, फिर पिस्टल दिखाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, कहासुनी बढ़ने पर गौरव ने बस से डंडा निकाला और फॉर्च्यूनर चालक पर हमला कर दिया।

इसी बीच चालक का एक साथी भी मौके पर पहुंच गया।

आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पिस्टल दिखाकर गौरव को धमकाया।

मामले में गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप है।

गौरव से पूछताछ के बाद पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार दोनों आरोपियों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में की।

अस्पताल से पकड़े गए दोनों आरोपी

पुलिस को जानकारी मिली कि मारपीट में घायल होने के बाद नीरज और मनीष इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचे।

इसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, हुड़दंग, शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन और लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग को आधार बनाया है।

पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी

पुलिस ने नीरज राजपूत के नाम की लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घटना में लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।

थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, हथियार के लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

https://regionalreporter.in/girdha-16th-death-anniversary-srinagar-alaknanda-mining-environment/
https://youtu.be/Nw4bM-WdvFE?si=MUy9GRPmom81ez2_
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *