टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और पूर्व BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।
धमकी भरे पत्र मिलने के बाद गांगुली परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले में उनकी पर्सनल सेक्रेटरी ने कोलकाता पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
ऑफिस में पहुंचा धमकी भरा लेटर
जानकारी के मुताबिक, 10 अगस्त को सौरव गांगुली के ऑफिस में एक धमकी भरा पत्र पहुंचा।
पत्र अंग्रेजी में लिखा गया था और इसमें सौरव गांगुली तथा उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी।
परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब 6 महीने से इस तरह के धमकी भरे पत्र मिल रहे थे।
शुरुआत में इन्हें फैंस की ओर से भेजे गए पत्र समझकर गंभीरता से नहीं लिया गया।
लेकिन हालिया पत्र में इस्तेमाल की गई भाषा ज्यादा आक्रामक थी, जिसके बाद पुलिस से संपर्क किया गया।
पर्सनल सेक्रेटरी ने दर्ज कराई शिकायत
सौरव गांगुली की पर्सनल सेक्रेटरी तानिया भट्टाचार्य ने ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना गांगुली और परिवार के साथ काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
मामले की जानकारी राज्य सरकार को भी दी गई है।
इसके बाद सुरक्षा विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
कूरियर से भेजे गए थे पत्र
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भरे पत्र कूरियर के जरिए गांगुली के घर भेजे गए थे।
पैकेट पर भेजने वाले का नाम अरुण कुमार लिखा था और उसे बेलघरिया का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने पत्र में दिए गए एक फोन नंबर की भी जांच की। नंबर की पहचान एक ऐप पर अरुण कुमार के नाम से सामने आई है।
हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि पत्र वास्तव में उसी व्यक्ति ने भेजे हैं या किसी ने उसकी पहचान का इस्तेमाल किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच टीम पत्र, कूरियर और उसमें दर्ज जानकारी के आधार पर धमकी भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
सौरव गांगुली की लोकप्रियता और सार्वजनिक पहचान को देखते हुए उनकी और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।















Leave a Reply