डैम के गेट खुलने से सप्लाई प्रभावित
श्रीनगर शहर के लोगों को बुधवार शाम पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
जल संस्थान ने बताया है कि डैम प्राधिकरण द्वारा जलाशय में जमा सिल्ट निकालने के लिए डैम के गेट खोले जा रहे हैं।
इसके चलते डैम से मिलने वाली जलापूर्ति प्रभावित होगी और शहर में नियमित पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी।
डैम से मिलता है आधा पानी
जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्पित मित्तल ने बताया कि श्रीनगर में प्रतिदिन करीब 36 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी की आपूर्ति की जाती है,
जिसमें लगभग आधा पानी डैम से प्राप्त होता है।
डैम से पानी नहीं मिलने के कारण आज शहर में केवल आंशिक जलापूर्ति ही संभव हो पाएगी।
रॉ वाटर स्रोतों से होगी सीमित आपूर्ति
उन्होंने बताया कि उपलब्ध रॉ वाटर स्रोतों के माध्यम से जितना संभव होगा, उतना पानी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
जल संस्थान ने नागरिकों से पानी का उपयोग सोच-समझकर करने की अपील भी की है।
कई क्षेत्रों में पहले से है जल संकट
जल संस्थान के अनुसार उफल्डा क्षेत्र का हाथकटार ट्यूबवेल पूरी तरह सूख चुका है।
इसके विकल्प के रूप में दो नई बोरिंग कराई गईं, लेकिन वहां भी पर्याप्त भूजल नहीं मिला।
इसी वजह से डांग, उफल्डा, भक्तियाना और पराग क्षेत्रों में जून के पहले सप्ताह से केवल एक समय ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।
नई पेयजल योजना से मिलेगी राहत
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर नगर क्षेत्र के सभी 40 वार्डों को शामिल करते हुए नई पेयजल योजना पर कार्य किया जा रहा है।
योजना पूरी होने के बाद शहर की जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।















Leave a Reply