वार्ड 40 में खेल मैदान, विद्युत उपसंस्थान और सुमाड़ी में निर्माणाधीन NIT ग्राउंड का मुद्दा भी उठाया गया
तहसील दिवस के दौरान वार्ड 40 के पार्षद संदीप रावत ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए
कहा कि तहसील दिवस की सूचना समय पर आम जनता और जनप्रतिनिधियों तक नहीं पहुंचाई गई।
उनका कहना था कि अधिकांश लोगों को कार्यक्रम की जानकारी केवल कुछ मिनट पहले मिली,
जिसके कारण तहसील दिवस में अपेक्षित जनभागीदारी नहीं दिखी।
संदीप रावत ने बताया कि पिछली बार आयोजित तहसील दिवस में भी यही स्थिति रही थी
और इस बार भी पूरे प्रशासनिक अमले की मौजूदगी के बावजूद केवल कुछ ही लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पहले से व्यापक प्रचार-प्रसार करता तो अधिक संख्या में लोग अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकते थे।
वार्ड 40 की समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं
पार्षद संदीप रावत ने तहसील दिवस में वार्ड 40 से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
उन्होंने वार्ड में जल्द से जल्द खेल मैदान के निर्माण की मांग की। साथ ही बताया कि विद्युत उपसंस्थान के लिए 10 नाली भूमि का हस्तांतरण पहले ही हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
उन्होंने इस परियोजना पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
सुमाड़ी में निर्माणाधीन NIT डंपिंग ग्राउंड का मुद्दा फिर उठा
तहसील दिवस में पहुंचे कुलदीप नामक व्यक्ति ने सुमाड़ी में निर्माणाधीन एनआईटी परियोजना से जुड़े डंपिंग ग्राउंड का मामला भी उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि डंपिंग साइट को लेकर पहले भी स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था।
गौरतलब है कि इससे पहले इस मुद्दे को लेकर सुधीर जोशी के नेतृत्व में आंदोलन भी किया जा चुका है।
आंदोलन के दौरान खनन विभाग ने भी स्वीकार किया था कि संबंधित डंपिंग स्थल अवैध है।
ऐसे में स्थानीय लोगों ने एक बार फिर प्रशासन से इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।















Leave a Reply