झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
देहरादून में प्रेस वार्ता के दौरान उनियाल ने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस राजनीति कर रही है
और सरकार पर सवाल उठाने से पहले उसे अपने राज्यों में छात्रों के साथ हो रहे व्यवहार पर जवाब देना चाहिए।
NEET मामले का दिया उदाहरण
सुबोध उनियाल ने NEET परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं तो सरकार ने जिम्मेदारी ली।
उन्होंने दावा किया कि परीक्षा दोबारा कराई गई, तत्कालीन शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लिया गया और नकल रोकने के लिए कड़े कानून बनाए गए।
उनियाल ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के साथ इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी,
लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी पीछे हट गए।
झारखंड सरकार पर लगाया दमन का आरोप
झारखंड में छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया,
लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने उनके साथ दमनकारी रवैया अपनाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का छात्रों के वास्तविक मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है।
उनके मुताबिक, विपक्ष केवल नए आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
सुबोध उनियाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता ने उन्हें नकार दिया है
और अब वह अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने के लिए अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड के मामले में उत्तराखंड सरकार राजनीति नहीं कर रही है,
बल्कि कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये को सामने रखा जा रहा है।
नकल विरोधी कानून का भी किया जिक्र
उत्तराखंड की स्थिति का जिक्र करते हुए उनियाल ने कहा कि राज्य में
नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में स्थिति में सुधार हुआ है।
उन्होंने सरकार की ओर से उठाए गए कदमों को युवाओं के हित में बताया।
मंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।
वहीं, झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी
के बीच अब उत्तराखंड की सियासत भी गरमा गई है।















Leave a Reply