रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल और लोकप्रिय खिलाड़ियों में शुमार विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।

इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले कोहली ने यह चौंकाने वाला निर्णय लिया, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।

रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के कुछ ही समय बाद कोहली का यह फैसला भारतीय क्रिकेट के एक युग के अंत की तरह देखा जा रहा है।

कोहली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस निर्णय की जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर अपने साथ रखूंगा।”

कोहली ने सफेद जर्सी में खेलने के अनुभव को “बहुत ही निजी” बताया और कहा कि “शांत माहौल, लंबे दिन, और छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देख पाता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं,” यही टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती है।

करियर की झलकियाँ

विराट कोहली ने 2011 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उसके बाद उन्होंने भारत के लिए 113 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 29 शतक और 28 अर्धशतक की मदद से 8700+ रन बनाए।

 बतौर कप्तान कोहली के 68 मैचों में भारत ने 40 मैच जीते और 11 मैच ड्रॉ रहे। वह न केवल एक भरोसेमंद बल्लेबाज रहे, बल्कि एक आक्रामक और प्रेरणादायक कप्तान के रूप में भी उभरे।

उनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरज़मीं पर टेस्ट सीरीज में हराया — एक ऐसी उपलब्धि जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

कोहली की फिटनेस, मानसिक मजबूती और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें आधुनिक टेस्ट क्रिकेट का एक स्तंभ बना दिया।

उन्होंने युवा खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट के प्रति आकर्षित किया और हमेशा इसे सर्वोच्च फॉर्मेट का दर्जा दिया।

कोहली के इस निर्णय से क्रिकेट जगत में भावनात्मक प्रतिक्रियाएं उमड़ पड़ी हैं। सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले सहित कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों ने कोहली की टेस्ट क्रिकेट में की गई सेवाओं की सराहना की है।

सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने भी उनके इस निर्णय पर मिलेजुले भाव व्यक्त किए — कुछ ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया तो कुछ ने निराशा जताई कि अब उन्हें सफेद जर्सी में विराट कोहली को बल्लेबाज़ी करते नहीं देख पाएंगे।

https://regionalreporter.in/book-indian-governance-and-politics-released/
https://youtu.be/jGaRHT7bFcw?si=qZ9ri50BBfy6_An6
Website |  + posts
One comment

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *