शव न मिलने पर छात्रों का हंगामा और धरना
National Institute of Technology Uttarakhand (एनआईटी) श्रीनगर में अध्ययनरत
बीटेक तृतीय वर्ष (सीएस) के छात्र आनंद सोहन, निवासी तेलंगाना, 26 अप्रैल 2026 को अलकनंदा नदी में डूब गए।
घटना SSB श्रीनगर के पास की बताई जा रही है, जहां वह दोस्तों के साथ नहाने गए थे। हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया।
लगातार तलाश के बावजूद अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे संस्थान के छात्र-छात्राओं में गहरा आक्रोश है।
सर्च अभियान तेज करने की मांग
छात्र का शव बरामद न होने से नाराज छात्रों ने आज NIT श्रीनगर परिसर में धरना शुरू कर दिया।
छात्रों की मुख्य मांग है कि सर्च अभियान को और तेज किया जाए।
उन्होंने गोताखोरों की संख्या बढ़ाने, रेस्क्यू बोट की व्यवस्था मजबूत करने और
NDRF की टीम को भी मौके पर बुलाने की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि समय पर पर्याप्त संसाधन लगाए जाते तो बेहतर परिणाम मिल सकते थे।
प्रशासन से वार्ता, लेकिन नहीं बनी बात
धरने के दौरान एसडीआरएफ और तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि यह वार्ता बेनतीजा रही और छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
छात्रों का कहना है कि प्रशासन सर्च अभियान को लेकर स्पष्ट और प्रभावी कदम नहीं उठा रहा साथ ही SDRF टीम की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए और NDRF की टीम भी लगनी चाहिए।
लापरवाही के आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें बताया गया था कि रात तक सर्च अभियान जारी रहेगा, लेकिन अभियान शाम तक ही सीमित रहा।
धरने में हेमंत मुनि, आशुतोष सिंह, नमन पंवार, अक्षय मीणा, ऋतिक शिवालय
और कुशाग्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से जल्द और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
SDRF और पुलिस ने क्या कहा
उधर SDRF और पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
राफ्ट और गोताखोरों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर टीमें तैनात हैं और अभियान लगातार चल रहा है।
फिलहाल छात्र धरने पर डटे हुए हैं और प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बना हुआ है।
















Leave a Reply