रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

पिथौरागढ़ में रेबीज का कहर: 20 दिन में दूसरी मौत

एक ही श्वान के बच्चे ने काटे थे दोनों किशोर, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान आठवीं के छात्र ने तोड़ा दम

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में रेबीज का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

धारचूला क्षेत्र के जुम्मा गांव में रेबीज से एक और किशोर की मौत हो गई है।

बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती आठवीं कक्षा के छात्र युवराज सिंह धामी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जिले में बीते 20 दिनों के भीतर रेबीज से यह दूसरी मौत है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

एक ही श्वान के बच्चे ने काटे थे दोनों किशोर

जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले जुम्मा गांव के बुंगा और टीलम तोक में एक लावारिस श्वान के बच्चे ने कई ग्रामीणों और बच्चों को काट लिया था।

कुछ समय बाद उस श्वान की भी मौत हो गई। अब उसी घटना से जुड़े दो किशोरों की रेबीज संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।

इससे पहले 23 मई को गांव के एक किशोर की रेबीज से मौत हुई थी। अब 20 दिन बाद युवराज सिंह धामी की जान चली गई है।

अचानक उभर रहे थे रेबीज के गंभीर लक्षण

डॉक्टरों के मुताबिक, युवराज सिंह धामी पुत्र रवीन्द्र सिंह धामी का व्यवहार लगातार बदल रहा था।

कभी वह सामान्य दिखाई देता था, तो कभी उसमें रेबीज के गंभीर लक्षण उभरने लगते थे।

संक्रमण की पुष्टि के लिए उसके सैंपल जांच हेतु दिल्ली भेजे गए थे।

सुरक्षा और संक्रमण को देखते हुए छात्र को आईसीयू में आइसोलेट कर भर्ती किया गया था।

हालांकि इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।

हवा-पानी से डर और आक्रामक व्यवहार बना संक्रमण का संकेत

बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को किशोर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।

उसे पानी और हवा से डर लगने लगा था तथा उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था।

परिजन उसे पहले संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में जांच के दौरान उसके रेबीज से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। आईसीयू में भर्ती किए जाने के करीब 16 घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया।

10 लोगों को काट चुका था लावारिस श्वान

ग्रामीणों के अनुसार, जिस लावारिस श्वान के बच्चे ने हमला किया था, उसने गांव में करीब 10 लोगों को काटा था।

स्वास्थ्य विभाग अब अन्य संभावित संक्रमित लोगों की भी निगरानी कर रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पिथौरागढ़, डॉ. एसएस नबियाल ने बताया कि किशोर की मौत रेबीज संक्रमण के कारण हुई है।

उन्होंने कहा कि श्वान के संपर्क में आए अन्य लोगों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

गांव में दहशत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

लगातार दूसरी मौत के बाद जुम्मा गांव में भय और चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित लोगों की जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

वहीं स्वास्थ्य विभाग लोगों से किसी भी जानवर के काटने पर तुरंत एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहा है।

https://regionalreporter.in/jaspal-rana-death-indian-shooting-coach-passes-away-at-49/
https://youtu.be/C0eGfOcIh_U?si=QDo9i5Vj0JDezcux
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *