जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा, विभागों को दिए जरूरी निर्देश
पौड़ी गढ़वाल में आगामी हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले व्यापक पौधरोपण महाअभियान की तैयारियां तेज हो गई
हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार तैयारियों की
समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
16 जुलाई से शुरू होगा जनसहभागिता आधारित पौधरोपण अभियान
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और
जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने
की अपील की। विकासखंडों को अपने-अपने क्षेत्र के पौधरोपण लक्ष्य निर्धारित कर समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश
भी दिए गए।
जियो टैगिंग और पौधों के संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पौधरोपण स्थलों का चयन, उनकी जियो टैगिंग, स्थलवार वृक्षारोपण सूची तैयार करने, पौधों की
आवश्यकता का आकलन करने और ट्री गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल
पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखरेख की भी प्रभावी व्यवस्था की जाए।
13 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि 13 जुलाई तक पौधरोपण के लिए गड्ढों की खुदाई, स्थल तैयार करने और प्रजातिवार पौधों के
वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाए, ताकि 16 जुलाई से शुरू होने वाला महाअभियान बिना किसी बाधा के
सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।
हरेला अभियान में आमजन की भागीदारी पर जोर
हरेला महाअभियान में सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी
संगठनों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान की निगरानी और
समन्वय के लिए प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा।
4 जुलाई से शुरू होगा ‘सेवा सप्ताह’
बैठक में 4 जुलाई से शुरू होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देश दिए कि
जिला मुख्यालय और सभी विकासखंडों में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस
सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता शिविर, विभागीय स्टॉल, लाभार्थी सम्मान कार्यक्रम और योजनाओं के
लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी
योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
समन्वय के साथ सफल आयोजन के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सभी विभागों से शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय पर तैयारियां पूरी करने
और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह और
हरेला महाअभियान को जनहितकारी और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करेंगे।















Leave a Reply