उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग के कुनखेत क्षेत्र में रविवार सुबह बाघ के हमले से दहशत फैल गई।
जंगल से सटे इलाके में घास काट रही 65 वर्षीय महिला पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बहू की सूझबूझ से बची जान
जानकारी के अनुसार, कुनखेत निवासी बसंती देवी अपनी बहू के साथ बैली रिजॉर्ट के पास घास काटने गई थीं।
इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
महिला की चीख सुनकर उनकी बहू ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाघ वहां से हट गया।
इसके बाद घायल महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला के सिर और माथे पर आई गंभीर चोटें
हमले में बसंती देवी के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं।
उन्हें पहले रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर ले जाया गया,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही कैमरा ट्रैप लगाने समेत अन्य आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग
पूर्व ग्राम प्रधान हेमचंद्र ने बताया कि घटना गांव से सटे इलाके में हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
उन्होंने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
बाघ के आबादी के करीब पहुंचने से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को अब अपनी और अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
ऐसे में वन विभाग के सामने बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बड़ी चुनौती है।
















Leave a Reply