कोर्ट के आदेश पर यूपीसीएल के तत्कालीन एमडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद
देहरादून के कारगी चौक में वर्ष 2023 में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दोनों हाथ गंवाने वाले चालक
पिंकू लाल के मामले में अदालत के आदेश पर यूपीसीएल (UPCL) के तत्कालीन प्रबंध निदेशक अनिल कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अदालत ने प्रथम दृष्टया मामले में लापरवाही के संकेत मिलने पर पुलिस को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंवाए दोनों हाथ
रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड के त्युंखर गांव निवासी पिंकू लाल वर्ष 2023 में देहरादून के कारगी चौक के पास वाहन से उतरकर फोन पर बात कर रहे थे।
इसी दौरान मानकों के विपरीत नीचे झूल रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
इलाज के दौरान उनकी जान तो बच गई, लेकिन दोनों हाथ काटने पड़े।
पुलिस ने नहीं दर्ज किया मुकदमा, अदालत का लिया सहारा
स्वस्थ होने के बाद पिंकू लाल ने पटेलनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया और एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया।
UPCL ने हादसे को बताया निराधार
सुनवाई के दौरान यूपीसीएल की ओर से अदालत में आवेदन का विरोध किया गया।
विभाग ने दलील दी कि घटना के समय बिजली लाइन ट्रिप होने का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
साथ ही यह भी कहा गया कि आवेदन काफी देरी से दाखिल किया गया है और लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।
अदालत ने खारिज की आपत्तियां
अदालत ने माना कि दोनों हाथ कट जाने के कारण पिंकू लाल स्वयं हस्ताक्षर करने में सक्षम नहीं थे।
ऐसे में उनकी पत्नी द्वारा आवेदन प्रस्तुत करना पूरी तरह विधिसम्मत है।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि उपलब्ध दस्तावेज, चिकित्सीय रिकॉर्ड और स्थानीय गवाहों के बयान
प्रथम दृष्टया इस ओर संकेत करते हैं कि हादसे के समय हाईटेंशन लाइन असामान्य रूप से नीचे लटक रही थी।
ऐसे में संबंधित अधिकारियों की संभावित लापरवाही की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पुलिस को जांच के निर्देश
अदालत के आदेश के बाद पटेलनगर पुलिस ने यूपीसीएल के तत्कालीन प्रबंध निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तकनीकी और तथ्यात्मक पहलुओं की जांच करेगी कि हादसा विभागीय लापरवाही का परिणाम था या नहीं।
इस कार्रवाई के बाद पीड़ित पिंकू लाल और उनके परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।















Leave a Reply