सभी चंडीगढ़ के नाबालिग, गंगाजल लेकर लौट रहे थे चारों दोस्त
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया।
गंगाजल भरकर चंडीगढ़ लौट रहे चार नाबालिग दोस्त गंगनहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए।
जल पुलिस और गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चारों मृतक चंडीगढ़ के रहने वाले
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16) निवासी सेक्टर-30 बी, रोहित (17) निवासी सेक्टर-26 बाबूधाम कॉलोनी तथा भरत (16) निवासी सेक्टर-30 बी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
सभी 30 जुलाई की रात कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचे थे।
साथियों का इंतजार करते हुए नहाने उतरे
जानकारी के अनुसार चारों किशोरों ने हरिद्वार से कांवड़ उठाई और शुक्रवार तड़के चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।
जटवाड़ा पुल के पास वे अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रहे थे।
सुबह करीब चार बजे गर्मी से राहत पाने के लिए चारों गंगनहर में नहाने उतर गए।
इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन…
चारों किशोरों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन गहरे पानी के कारण कोई भी नहर में उतरकर उन्हें बचाने का साहस नहीं कर सका।
सूचना मिलते ही जल पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि चारों किशोरों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सिल्ट के कारण बना था गहरा जलभराव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गंगनहर में सिल्ट आने की वजह से पानी का प्रवाह बंद था।
अधिकांश हिस्से में पानी कम था, जबकि बीच-बीच में गहरे जलभराव वाले स्थान बने हुए थे।
आशंका है कि नहाते समय चारों किशोर ऐसे ही एक गहरे हिस्से में चले गए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।















Leave a Reply