अब मोबाइल पर आने वाले हर अनजान नंबर को स्पैम समझकर काटना सही नहीं होगा।
अगर किसी दिन आपके फोन पर 1601 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल आती है, तो यह बिजली, गैस, पानी या कूरियर जैसी जरूरी सेवा से जुड़ी हो सकती है।
दरअसल, भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़े कॉल के लिए नई 1601 नंबर सीरीज शुरू की है।
किन सेवाओं के कॉल आएंगे 1601 से?
TRAI ने फिलहाल इस व्यवस्था के पहले चरण में यूटिलिटी और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को शामिल किया है।
इसमें बिजली कंपनियां, जल आपूर्ति से जुड़ी संस्थाएं, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियां और LPG सप्लाई एजेंसियां शामिल हैं।
इसके अलावा कूरियर कंपनियां, पार्सल डिलीवरी, एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स और माल ढुलाई से जुड़ी सेवाएं भी इस सीरीज का इस्तेमाल कर सकेंगी।
यानी बिजली बिल बनने, गैस से जुड़ी सेवा, पानी की सुविधा या कूरियर की डिलीवरी जैसी जानकारी देने के लिए 1601 से कॉल आ सकती है।
1601 नंबर से प्रमोशनल कॉल नहीं आएगी
इस नई सीरीज की एक अहम बात यह है कि 1601 नंबर का इस्तेमाल प्रमोशन या विज्ञापन के लिए नहीं किया जाएगा।
इससे आने वाले कॉल मुख्य रूप से सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी देने के लिए होंगे।
उदाहरण के तौर पर कूरियर की डिलीवरी, बिजली बिल या किसी यूटिलिटी सेवा से जुड़ी जरूरी सूचना।
टेलीकॉम कंपनियां पहले करेंगी वेरिफिकेशन
TRAI के मुताबिक, 1601 सीरीज के नंबर किसी भी कंपनी को सीधे नहीं दे दिए जाएंगे।
नंबर आवंटित करने से पहले टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर संबंधित संस्था की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
इस सीरीज में शामिल होने वाली पात्र संस्थाओं की जांच के बाद ही उन्हें नंबर आवंटित किया जाएगा।
TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 90 दिन का समय दिया है।
BSNL, Jio, Airtel और Vi को करना होगा लागू
नई नंबर सीरीज को लागू करने की जिम्मेदारी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स की होगी।
इसमें BSNL, Jio, Airtel और Vi जैसी कंपनियां शामिल हैं।
TRAI का मकसद यह है कि मोबाइल यूजर्स आसानी से पहचान सकें कि उनके पास आया सर्विस कॉल किसी वैध संस्था से है या नहीं।
1600 और 1400 नंबर का मतलब
बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा यानी BFSI और सरकारी संस्थाओं के लिए पहले की तरह 1600 सीरीज जारी रहेगी।
वहीं 1400 सीरीज को मुख्य रूप से बिजनेस प्रमोशनल कॉल के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
TRAI की व्यवस्था के तहत 1400 और 1600 सीरीज के नंबर व्हाइटलिस्टेड कैटेगरी में रखे जाते हैं, जिससे इन्हें सामान्य स्पैम कॉल की तरह ब्लॉक या मार्क किए जाने की संभावना कम रहती है।
फर्जी कॉल पर लगेगी लगाम?
TRAI की नई पहल का बड़ा उद्देश्य सर्विस से जुड़े असली कॉल और फर्जी कॉल के बीच अंतर करना आसान बनाना है।
अक्सर साइबर ठग बिजली बिल, LPG, कूरियर या दूसरे जरूरी काम के नाम पर लोगों को फोन करते हैं।
1601 सीरीज के जरिए वैध संस्थाओं के सर्विस कॉल की एक अलग पहचान बनने की उम्मीद है।
हालांकि, 1601 नंबर से कॉल आने का मतलब यह नहीं है कि हर कॉल पर आंख बंद करके भरोसा किया जाए।
OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी मांगने वाले कॉल से हमेशा सावधान रहना चाहिए।















Leave a Reply