रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

भाजपा में शामिल होने के बाद पार्षद राजकुमार का गणेश गोदियाल पर पलटवार

19 अगस्त को श्रीनगर नगर निगम के मेयर समेत 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने रैली स्थल का शुद्धिकरण कराया, उसी पार्टी में अब ये लोग शामिल हो गए हैं।

गोदियाल ने कहा कि वह मन ही मन सोच रहे थे कि भाजपा में शामिल होने वाले लोग अनुसूचित समाज से आते हैं, लेकिन इंसान अपने हित के लिए कुछ भी कर सकता है।

गणेश गोदियाल की टिप्पणी पर राजकुमार का पलटवार

श्रीनगर नगर निगम के वार्ड नंबर 16 से कांग्रेस के पार्षद रहे राजकुमार के भाजपा में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

राजकुमार ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर गणेश गोदियाल को संबोधित करते हुए कहा, “गोदियाल जी, इसका बदला हम 2027 में लेंगे।”

उन्होंने अपने क्षेत्र के केवट, मिस्त्री और टम्टा मोहल्लों का जिक्र करते हुए कहा कि ये लोग अब उनके रिश्तेदार हैं।

राजकुमार ने कहा कि उनके मित्र अनुराग चौहान और सोनू चमोली ने कभी उनसे जाति को लेकर ऐसी बातें नहीं कीं। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ उनके मित्रों के पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।

विधायक धन सिंह रावत का भी किया जिक्र

अपने वीडियो में राजकुमार ने कहा कि गणेश गोदियाल कभी उनके घर नहीं आए,

जबकि श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत उनके पिता के निधन के दौरान दो बार उनके घर पहुंचे थे।

राजकुमार ने कहा कि विधायक ने उस समय उनसे कहा था कि भविष्य में किसी तरह की दिक्कत या परेशानी हो तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

2027 को लेकर बढ़ी सियासी चर्चा

राजकुमार के “2027 में बदला लेंगे” वाले बयान के बाद श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

श्रीनगर नगर निगम के मेयर समेत 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है।

अब राजकुमार के इस वीडियो ने दोनों दलों के बीच स्थानीय सियासत को और गरमा दिया है।

https://regionalreporter.in/srinagar-mayor-aarti-bhandari-joins-bjp-10-councillors/
https://youtu.be/p6esiNhj0wQ?si=GOMyR45LFZ_JwjNR
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *