बैरिकेडिंग पर चढ़े गोदियाल; हरक सिंह की तबीयत बिगड़ी
देहरादून में हल्द्वानी के रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सचिवालय कूच किया।
कांग्रेस भवन से शुरू हुई रैली में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यकर्ता शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य समेत कई वरिष्ठ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे।
राहुल गांधी पर FIR के बाद बढ़ा विवाद
यह पूरा विवाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण से जुड़ा है।
कांग्रेस ने इस घटना को दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वहीं भाजपा और आयोजन से जुड़े लोगों ने जातिगत भेदभाव के आरोपों को खारिज किया है।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज हुई।
कांग्रेस ने एफआईआर का विरोध करते हुए कहा कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय उसके नेताओं पर मुकदमे किए जा रहे हैं।
कांग्रेस ने कई जगह दर्ज कराई शिकायत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इससे पहले देहरादून के अलग-अलग थानों
और पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर कथित शुद्धिकरण प्रकरण की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पार्टी का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और घटना से जुड़े वीडियो, फोटो तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान हरक सिंह रावत की तबीयत बिगड़ी
सचिवालय कूच के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की के बाद उन्हें सांस फूलने और घबराहट की शिकायत हुई।
इसके बाद हरक सिंह रावत को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने उनकी जांच की और ईसीजी समेत आवश्यक परीक्षण किए।
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के अनुसार, जांच के बाद हरक सिंह रावत की हालत सामान्य और स्थिर बताई गई।
पुलिस ने गोदियाल को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की।
इसी दौरान पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस ने सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस का कहना है कि वह कथित शुद्धिकरण प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।
वहीं भाजपा इस पूरे विवाद को कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति बता रही है।
















Leave a Reply