केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्र में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
केदारनाथ धाम से गौरीकुंड की ओर लौट रहे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर डीडीआरएफ, वाईएमएफ,
आपदा मित्र और पुलिस की रेस्क्यू टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं।
टीमें यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रही हैं।
हेलमेट पहनाकर सुरक्षित निकाले जा रहे यात्री
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
इसके बाद टीमों ने चीरबासा के संवेदनशील हिस्से में यात्रियों को सुरक्षा हेलमेट उपलब्ध कराए।
रेस्क्यू टीम के जवान यात्रियों को स्वयं हेलमेट पहनाकर इस क्षेत्र से सुरक्षित पार करा रहे हैं।
इस दौरान यात्रियों को पहाड़ी से संभावित पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से की अपील
प्रशासन का कहना है कि चीरबासा क्षेत्र में संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रेस्क्यू टीमें मौके पर तैनात रहकर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर रही हैं।
प्रशासन ने केदारनाथ से लौट रहे यात्रियों से रेस्क्यू टीमों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
साथ ही यात्रियों से संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त सावधानी बरतने और सुरक्षित यात्रा में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।















Leave a Reply