रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

गैरसैण में विधानसभा सत्र की तैयारी; अक्टूबर में सरकार के दो बड़े पड़ाव

बनबसा में पहली बार कैबिनेट

उत्तराखंड सरकार अक्टूबर में देहरादून से बाहर दो महत्वपूर्ण बैठकों की तैयारी में जुटी है।

चार अक्तूबर को बनबसा में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। वहीं, विधानसभा सत्र गैरसैंण में कराने की तैयारी चल रही है।

चार अक्तूबर को बनबसा में कैबिनेट बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में पहली बार कैबिनेट बैठक होने जा रही है।

बैठक चार अक्तूबर को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में प्रस्तावित है।

बैठक के लिए सचिवालय स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन समेत कई विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।

प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की ओर से निर्णय भी लिए जा सकते हैं।

चंपावत मुख्यमंत्री धामी का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में चुनावी वर्ष में इस बैठक को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा है।

हालांकि, बैठक का मुख्य आधिकारिक एजेंडा कैबिनेट प्रस्तावों पर निर्णय लेना होगा।

गैरसैंण में 22 से 24 अक्तूबर के बीच सत्र की तैयारी

उत्तराखंड विधानसभा का सत्र 26 अक्तूबर से पहले होना है। इसी के तहत सरकार गैरसैंण में सत्र आयोजित करने की तैयारी कर रही है।

संभावित कार्यक्रम 22 से 24 अक्तूबर के बीच का बताया जा रहा है।

सत्र की तारीख और स्थान को लेकर अंतिम निर्णय अभी मुख्यमंत्री की ओर से आना बाकी है।

कैबिनेट ने इसके लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया हुआ है। इसलिए फिलहाल 22 से 24 अक्तूबर की तारीख संभावित मानी जा रही है।

पहले भी देहरादून से बाहर हुई हैं कैबिनेट बैठकें

उत्तराखंड में देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की परंपरा पहले भी रही है।

2010 में रमेश पोखरियाल निशंक सरकार ने हरिद्वार की हर की पौड़ी में कैबिनेट बैठक की थी।

इसके बाद 2012 में विजय बहुगुणा सरकार ने गैरसैंण में मंत्रिमंडल की बैठक की।

हरीश रावत सरकार के दौरान भी हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकें आयोजित हुई थीं।

इस बार बनबसा में प्रस्तावित बैठक इसलिए अलग है क्योंकि चंपावत जिले में पहली बार राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होने जा रही है।

https://youtu.be/a3bQYGDBUrw?si=Rbm7gZOkEKc2VGf8
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *