रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

श्रीनगर अस्पताल में जल्द शुरू होगी लैप्रोस्कोपिक सर्जरी

बच्चों के लिए बनेगा अर्ली इंटरवेंशन सेंटर

डीएम स्वाति एस भदौरिया ने चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में लिए फैसले, आईसीयू की व्यवस्थाओं को सराहा

संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 10 लाख रुपये की लागत से लैप्रोस्कोपिक मशीन खरीदी जाएगी।

इससे स्त्री रोग विभाग में सर्जरी आसान और मरीजों के लिए कम कष्टदायक होगी।

वहीं, बच्चों में विकास संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार के लिए अर्ली इंटरवेंशन सेंटर स्थापित करने की तैयारी है।

गुरुवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में

अस्पताल की व्यवस्थाओं, उपकरणों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई।

ऑटो एनालाइजर से शुरू हुई हार्मोनल जांच

बैठक में बताया गया कि पिछली बैठक में स्वीकृत फुली ऑटोमैटिक सीबीसी और हार्मोनल एनालाइजर मशीनें खरीद ली गई हैं।

इनके माध्यम से जांच भी शुरू हो गई है। ऑक्सीजन संयंत्रों का अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद उनका संचालन भी शुरू कर दिया गया है।

इसके अलावा इमरजेंसी विभाग के लिए पांच मल्टीपैरा मॉनीटर और एक 12 चैनल ईसीजी मशीन खरीदने को मंजूरी दी गई।

प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मैटरनिटी टेबल खरीदने के निर्देश भी दिए गए।

बच्चों की श्रवण जांच और थेरेपी की मिलेगी सुविधा

डीएम ने अस्पताल में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (अर्ली इंटरवेंशन सेंटर) स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

इस केंद्र में बच्चों की श्रवण जांच, विकासात्मक विलंब की पहचान और आवश्यक थेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित स्थल का भवन जर्जर मिला। इस पर डीएम ने केंद्र के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

आईसीयू का संचालन सुचारु, दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश

बैठक के बाद डीएम ने अस्पताल के महिला-पुरुष वार्ड, आईसीयू, इमरजेंसी, ऑपरेशन थियेटर,

लेबर वार्ड और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया।

उन्होंने भर्ती मरीजों से उपचार और भोजन की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक भी लिया।

आईसीयू की व्यवस्थाएं सुचारु मिलने पर अस्पताल प्रबंधन को प्रोत्साहित किया।

डीएम ने निर्देश दिए कि मरीजों को चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाएं अस्पताल से ही निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।

साथ ही पैथोलॉजी में उपलब्ध जांचों की सूची मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित करने और सभी विभागों के बाहर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी चस्पा करने को कहा।

https://youtu.be/CncKlWOFL34?si=hr0ZOHD58_dn-n7G
https://regionalreporter.in/vijay-kapruwan-srinagar-election-2027-dhan-singh-rawat/
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *