
भाजपा के श्रीनगर विधानसभा चुनाव प्रभारी विजय कपरूवाण बोले- पार्टी में हर कार्यकर्ता को दावेदारी का अधिकार, प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी एकजुट होकर करेंगे काम
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने श्रीनगर सीट पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा के श्रीनगर विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के
उपाध्यक्ष विजय कपरूवाण ने श्रीनगर पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के कामकाज पर भरोसा जताते हुए कहा कि जनता उनके विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा में प्रत्याशी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सर्वे और दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है।
संगठन ने उन्हें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करने और युवाओं को आगे लाने की जिम्मेदारी दी है।

दावेदारों को लेकर बोले- प्रत्याशी घोषित होने तक सबको अधिकार
विजय कपरूवाण ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने की दावेदारी का अधिकार है।
सुधीर जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता भी अपनी दावेदारी कर सकते हैं। हालांकि, प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ता एक मंच पर आकर पार्टी के लिए काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि धन सिंह रावत दूसरे राज्यों में भी चुनावी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
इसके बावजूद श्रीनगर में उनके विकास कार्यों को जनता का समर्थन मिलेगा।
संगठन का लक्ष्य पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान और युवाओं को आगे लाना है।
एंटी इनकंबेंसी के सवाल पर फिर सरकार बनाने का दावा
विधानसभा में एंटी इनकंबेंसी के सवाल पर कपरूवाण ने कहा कि भाजपा सरकार केवल सत्ता नहीं चला रही,
बल्कि जनता के लिए काम भी कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए।
बूथ अध्यक्षों और बीएलए-2 सहित जमीनी कार्यकर्ताओं से बातचीत की जा रही है।
कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह है और संगठन पूरी मजबूती से तैयारी कर रहा है।
अंकिता और मंदिर समिति विवाद पर क्या बोले?
मंदिर समिति से जुड़े चंदा चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच के
बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है और संबंधित आरोपी जेल में हैं।
उन्होंने व्यवस्था में पारदर्शिता होने का दावा किया।
वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है।
कथित वीआईपी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास प्रमाण हैं तो उन्हें न्यायालय के सामने रखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अंकिता के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
केदारनाथ में एक दिन में 38 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं पर कपरूवाण ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पहले जहां एक दिन में करीब 500 श्रद्धालुओं के दर्शन करने की बात कही जाती थी,
वहीं अब एक दिन में 38 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जाता है।
भविष्य में रोपवे बनने से यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
मंदिर समिति का प्रयास है कि श्रद्धालु बेहतर यात्रा अनुभव के साथ धाम से प्रसाद लेकर लौटें।















Leave a Reply